हरेला पर सीएम धामी ने शुरू किया राज्य स्तरीय पौधारोपण अभियान, जागेश्वर के विकास को लेकर 8 बड़ी घोषणाएं..

Spread the love

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अल्मोड़ा के गरुड़ाबाज मैदान में हरेला पर्व पर आयोजित राज्य स्तरीय ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृहद पौधारोपण अभियान और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेशवासियों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जागेश्वर धाम और वृद्ध जागेश्वर में पूजा-अर्चना से उन्हें नई ऊर्जा मिली है, जो प्रदेश की सेवा के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें वृद्ध जागेश्वर का समग्र विकास, मंदिर तक पेयजल योजना, ऐरावत गुफा व अन्य धार्मिक स्थलों का पर्यटन विकास, आरतोला में राज्य अतिथि गृह और मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण, जागेश्वर, वृद्ध जागेश्वर व आरतोला में नए मोबाइल टावर, आरतोला-जागेश्वर मार्ग का सुधार तथा दन्या डिग्री कॉलेज में एमए की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के “सेवा, सुशासन और समर्पण” के पांच वर्ष पूरे होने पर “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून लागू कर देश के लिए उदाहरण बना है।

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, डिजिटल कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने हरेला को जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का सशक्त अभियान बताया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। बड़ी संख्या में लोगों ने विभागीय शिविरों के माध्यम से सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

More From Author

हरेला प्रकृति संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत का जनआंदोलन : धामी

देहरादून में मतदाता सूची सुधार का मौका, 13 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *