राजकीय पॉलीटेक्निक चिन्यालीसौड़ को मिला एकल ब्रांच में राज्य का सर्वश्रेष्ठ पॉलीटेक्निक कॉलेज का पुरस्कार, राज्यपाल ने किया सम्मानित

  • चिन्यालीसौड़, रिपोर्ट- प्रवेश नौटियाल

 

 देहरादून में प्राविधिक शिक्षा विभाग के द्वितीय प्रतिभा अलंकरण समारोह में विभिन्न संस्थाओं के 36 सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान तीन सर्वश्रेष्ठ पॉलीटेक्निक एवं इन राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थाओं में कार्यरत विभिन्न श्रेणियों के 07 सर्वश्रेष्ठ शैक्षिक एवं शिक्षणेत्तर स्टॉफ को भी पुरस्कृत किया। 

राज्य के तीन सर्वश्रेष्ठ पॉलीटेक्निक कॉलेज में जनपद उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक  को एकल ब्रांच में राज्य के सर्वश्रेष्ठ पॉलीटेक्निक संस्थान का पुरस्कार प्राप्त हुआ। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा संस्था के प्रधानाचार्य विनोद डोभाल को पुरस्कार सौंपा गया।

वहीं राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान, विज्ञान और अनुसंधान भारत की आत्मा में है। आज का समय तकनीकी नवाचार, सृजन, इनोवेशन, आइडिया, के साथ तेज गति से आगे बढ़ने का है। विश्व की सबसे बड़ी युवा शक्ति के बल पर देश विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, श्रेष्ठ भारत और विश्वगुरू भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

 

हमें इस बात की खुशी होनी चाहिए कि अन्य राज्यों की तुलना में हमारा प्रदेश युवाओं को तकनीकी शिक्षा के माध्यम से उन्हें रोजगारपरक शिक्षा देकर राष्ट्र एवं राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इंजीरियरिंग, प्रोडक्शन, मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में उत्तराखण्ड में इसके लिए अपार सम्भावनाएं है और इसे टेक्नोलॉजी का हब बनाया जा सकता है।

वहीं राजकीय पॉलीटेक्निक चिन्यालीसौड़ को सर्वश्रेष्ठ पॉलीटेक्निक संस्थान के पुरस्कार दिए जाने पर जनपद में खुशी की लहर है।